1. कंटेंट पर जाएं
  2. मेन्यू पर जाएं
  3. डीडब्ल्यू की अन्य साइट देखें

अमेरिकी गीतकार बॉब डिलन को साहित्य का नोबेल

१३ अक्टूबर २०१६

महान अमेरिकी संगीतकार और गीतकार बॉब डिलन को इस साल साहित्य का नोबेल पुरस्कार दिया जाएगा. वो पहले गीतकार हैं जिन्हें इस प्रतिष्ठित पुरस्कार से नवाजा जाएगा.

https://p.dw.com/p/2RBZl
Bob Dylan Literatur Nobelpreis
तस्वीर: Reuters/K.Price

स्वीडिश नोबेल एकेडमी का कहना है कि 75 वर्षीय डिलन को अमेरिका की महान गीत परंपरा में नई काव्यात्मक अभिव्यक्तिों का सृजन करने के लिए सम्मानित किया गया है. जैसे ही ये घोषणा हुई तो इस मौके पर मौजूद पत्रकारों ने जोरदार तालियों के साथ स्वागत किया. लोकगायक डिलन का नाम हाल के सालों में हमेशा इस पुरस्कार के दावेदारों में रहा है, लेकिन उन्हें कभी एक गंभीर दावेदार नहीं माना गया.

एकेडमी की स्थायी सचिव सारा डेनियस ने कहा कि डिलन के गीत "कानों के लिए कविता" हैं. अमेरिकी राज्य मिनिसोटा के दुलुट में 1941 में जन्मे डिलन ने एक लंबा सफर किया है. उनका असली नाम है रॉबर्ट एलेन जिमरमैन और उनकी शुरुआत बेहद सामान्य रही. उन्होंने हारमोनिका, गिटार और पियानो सीखा. पिछले साल साहित्य का नोबेल बेलारूस की लेखिका स्वतलाना एलेक्सीविच को दिया गया था.

डिलन को पुरस्कार के तहत करीब नौ लाख डॉलर की राशि मिलेगी. इसके अलावा उन्हें एक स्वर्ण पदक और एक प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा. 10 दिसंबर को स्टोकहोम में उन्हें इस साल से अन्य पुरस्कार विजेताओं के साथ सम्मानित किया जाएगा. उसी दिन शांति का नोबेल ओस्लो में होने वाले एक समारोह में दिया जाएगा.

एके/वीके (डीपीए, एएफपी)