1. कंटेंट पर जाएं
  2. मेन्यू पर जाएं
  3. डीडब्ल्यू की अन्य साइट देखें

ओबामा की यात्रा से भारत अमेरिकी सबंध मजबूत होंगेः क्लिंटन

९ सितम्बर २०१०

अमेरिकी विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन ने कहा है कि राष्ट्रपति बराक ओबामा के भारत दौरे से दोनों देशों के संबंधों में मजबूती आएगी. हिलेरी ने कहा कि ओबामा भारत जाकर आपसी रिश्तों की वो बुनियाद रखेंगे जो सदा कायम रहेगी.

https://p.dw.com/p/P7OP
तस्वीर: AP

भारत को दुनिया का सबसे तेजी से उभरता असरदार देश मानने वाली हिलेरी क्लिंटन ने कहा कि नवंबर में भारत दौरे पर जा रहे ओबामा दोनों देशों के रिश्तों को नया आयाम देंगे. विदेश मामलों की एक काउंसिल में बोलते हुए हिलेरी ने कहा कि चीन और भारत के साथ संबंधों को मजबूत करना ओबामा प्रशासन की प्राथमिकता में है क्योंकि ये दोनों आने वाले दिनों में दुनिया के सबसे असरदार देशों में होंगे.

USA Präsident Barack Obama Infrastruktur
नवंबर में भारत आएंगे ओबामातस्वीर: AP

क्लिंटन ने कहा कि अमेरिका उन सभी देशों से बेहतर तालमेल कायम करने की कोशिश कर रहा है जो तेजी से उभर रहे हैं. इन देशों में भारत और चीन के अलावा तुर्की, मेक्सिको, ब्राजील, इंडोनेशिया, दक्षिण अफ्रीका और रूस भी हैं. इनके साथ आपसी रिश्तों की मजबूती को अहम बताते हुए हिलेरी ने ये भी कहा कि अमेरिका को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में ये देश बड़ी जिम्मेदारी उठाएंगे.

भारत के बारे में हिलेरी ने कहा, " भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है जहां राष्ट्रीय और स्थानीय स्तरों पर हितों का बंटवारा होने के बावजूद बुनियादी मामलों में बड़ी समानताएं हैं और ऐसे देश के साथ अमेरिका कभी खत्म न होने वाला रिश्ता बनाने जा रहा है." विदेश मंत्री ने कहा कि ओबामा नवंबर की भारत यात्रा के दौरान दोनों देशों के रिश्तों को एक नई ऊंचाई पर ले जाएंगे.

क्लिंटन ने ये भी कहा कि हर जगह के लोगों को अब पूरी दुनिया के बारे में सोचने की जरूरत है क्योंकि 21वीं सदी में ताकत का मतलब है सबकी समस्याओं को दूर करने में साझीदार बनना. इस पूरी कवायद के कुछ खास नियम होंगे जिन पर चलकर ही इसे हासिल किया जा सकेगा अब चाहे ये बुनियादी अधिकारों का मसला हो या फिर कुछ और.

रिपोर्टः एजेंसियां/ एन रंजन

संपादनः ओ सिंह

इस विषय पर और जानकारी को स्किप करें

इस विषय पर और जानकारी

और रिपोर्टें देखें