1. कंटेंट पर जाएं
  2. मेन्यू पर जाएं
  3. डीडब्ल्यू की अन्य साइट देखें

विकीपीडिया का अमेरिका के बाहर पहला दफ्तर दिल्ली में

२९ अक्टूबर २०१०

दुनिया का सबसे लोकप्रिय ऑनलाइन इनसाइक्लोपीडिया विकीपीडिया अमेरिका से बाहर अपना पहला दफ्तर भारत में खोलेगा. भारत में इंटरनेट इस्तेमाल करने वालों की बढ़ती तादाद से प्रभावित है विकीपीडिया.

https://p.dw.com/p/PrYX
अब दिल्ली दूर नहीं

विकीपीडिया के चीफ ग्लोबल डेवलपमेंट ऑफिसर बैरी न्यूस्टीड ने बताया, " भारत में विकीपीडिया को लेकर बहुत उत्साह है. वहां एक बड़ा वर्ग है जो मुफ्त में मिलने वाली इस जानकारी पर भरोसा करता है. हम उम्मीद करते हैं कि भारतीय लोगों को दुनिया के हर इंसान से मिलने वाली जानकारी तक पहुंचाने में मदद कर सकेंगे."

विकीपीडिया एक मुनाफा न कमाने वाली संस्था है और पहली बार इसका दफ्तर अमेरिका से बाहर किसी देश में खुलने जा रहा है. दुनिया के सबसे बड़े ऑनलाइन ब्रांड में शुमार विकीपीडिया लोगों से मिली जानकारी के दम पर ही चलता है और इस पर मौजूद जानकारियों में कोई भी रेफरेंस देकर बदलाव कर सकता है.

विकीपीडिया फिहलाल दिल्ली में अपने दफ्तर के लिए जगह की तलाश कर रहा है और उसे उम्मीद है कि अगले कुछ हफ्तों में उसका दफ्तर चालू हो जाएगा. विकीपीडिया शुरु करने वालों में से एक जिम्मी वेल्स रविवार को भारत की आर्थिक राजधानी मुंबई पहुंचेंगे. वेल्स इस दौरान एक बैठक में भारत के लिए कंपनी की भावी योजनाओं के बारे में जानकारी देंगे. इसी हफ्ते एक वेबसाइट से बातचीत में उन्होंने बताया कि भारत में दफ्तर की शुरुआत दो चार लोगों से होगी. ये कर्मचारी भारत से जानकारी देने वालों को तकनीक, सॉफ्टवेयर और कंपनी के प्रमोशन में सहयोग देंगे.

2001 में शुरू होने के बाद से ही विकीपीडिया बहुत तेजी से बढ़ने वाली वेबसाइट में एक है. जनवरी 2010 में विकीपीडिया पर हर महीने आने वाले लोगों की संख्या करीब 7 करोड़ 80 लाख थी. विकिपीडिया के लिए जानकारी जुटाने वाले लोगों की तादाद 91,000 से ज्यादा है जो 270 भाषाओं में 1 करोड़ 60 लाख से ज्यादा आलेखों पर काम कर रहे हैं.

रिपोर्टः एजेंसियां/एन रंजन

संपादनः ए कुमार

इस विषय पर और जानकारी को स्किप करें

इस विषय पर और जानकारी

और रिपोर्टें देखें