1. कंटेंट पर जाएं
  2. मेन्यू पर जाएं
  3. डीडब्ल्यू की अन्य साइट देखें

सेनेगल में अफ़्रीका प्रतिमा का अनावरण

४ अप्रैल २०१०

सेनेगल फ़्रांस से अपनी आज़ादी की 50 वीं वर्षगांठ मना रहा है. इस मौक़े पर डकार में विवादास्पद अफ़्रीका पुनर्जागरण प्रतिमा का अनावरण हुआ जहां अफ़्रीकी देशों के नेताओं ने एकता और संयुक्त राज्य अफ़्रीका बनाने की अपील की.

https://p.dw.com/p/MmnA
पुनर्जागरण प्रतिमातस्वीर: AP

सेनेगल फ़्रांस से अपनी स्वतंत्रता की 50 वीं वर्षगांठ मना रहा है. इस मौक़े पर राजधानी डकार में विवादास्पद अफ़्रीका पुनर्जागरण प्रतिमा का अनावरण किया गया जहां अफ़्रीकी देशों के नेताओं ने एकता और संयुक्त राज्य अफ़्रीका बनाने का आह्वान किया.

उत्तर कोरिया द्वारा निर्मित कांस्य प्रतिमा का अनावरण करने के बाद राष्ट्रपति अब्दुलाए वाडे ने महादेश की एकता की अपील की. 52 मीटर ऊंची प्रतिमा डेढ़ करोड़ यूरो के ख़र्च से बनी है. समारोह में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों और 19 अफ़्रीकी नेताओं ने भाग लिया. 53 देशों में बंटे महाद्वीप के बारे में राष्ट्रपति ने कहा, विकास के मार्ग पर चलने का समय आ गया है.एक अरब की आबादी वाले बाज़ार और बड़े पैमाने पर खनिज पदार्थों के कारण अफ़्रीका का मह्तव बढ़ रहा है.

Pferdekutsche in Senegal Flash-Galerie
भुखमरी में बरबादी?तस्वीर: AP

अफ़्रीकी नेताओं ने स्टैचू ऑफ़ लिबर्टी से भी ऊंची प्रतिमा को दुनिया भर के अश्वेत लोगों के लिए प्रतीक बताया तो हज़ारों सेनेगल वासी इसे आर्थिक मुश्किल के दिनों में धन की बर्बादी बता रहे हैं और 2000 से सत्तारूढ़ वाडे के इस्तीफ़े की मांग कर रहे हैं. उप विपक्षी नेता न्देए फ़ातू ने प्रतिमा को "वर्तमान संकट की रोशनी में आर्थिक दानव और वित्तीय स्कैंडल" बताया है. देश की आधी से अधिक आबादी ग़रीबी रेखा से नीचे रहती है.

नाइजीरिया के पूर्व राष्ट्रपति ओलुसेगून ओबासान्यो ने सेनेगल के झंडे के रंग वाला फ़ीता काटा. उन्होंने कहा, "हमारे पास एक प्रतीक है हमें दासता और उत्पीड़न के सालों की याद दिलाने के लिए, हमें प्रेरणा देने के लिए. एक संयुक्त अफ़्रीका इसे फिर दोबारा नहीं होने देगा."

अफ़्रीकी संघ के प्रमुख और मलावी के राष्ट्रपति बिंगु वा मुथारिका ने नई अफ़्रीकी एकता की अपील करते हुए कहा, "हमें अलग करने से अधिक चीज़े जोड़ने वाली हैं, हमें नए अफ़्रीका की नई उम्मीद के साथ अपने अपने देशों में लौटना चाहिए."

आज़ादी की 50 वीं वर्षगांठ की पूर्व बेला पर सेनेगल के राष्ट्रपति वाडे ने घोषणा की कि सेनेगल भूतपूर्व औपनिवेशिक फ़्रांस से सैनिक अड्डों को अपने अधिकार में ले लेगा. 1974 से फ़्रांस और सेनेगल के बीच सुरक्षा संधि है जिसके तहत 1200 फ़्रांसीसी सैनिक डकार में तैनात थे. फरवरी में फ़्रांसीसी राष्ट्रपति निकोला सारकोज़ी ने घोषणा की कि भविष्य में सिर्फ़ 300 फ़्रांसीसी सैनिक डकार में रहेंगे.

रिपोर्ट: एजेंसियां/महेश झा

संपादन: मानसी गोपालकृष्णन