1. कंटेंट पर जाएं
  2. मेन्यू पर जाएं
  3. डीडब्ल्यू की अन्य साइट देखें

हैरी पॉटर की नई फ़िल्म ने कमाई के रिकॉर्ड तोड़े

१९ जुलाई २००९

हैरी पॉटर सीरिज़ की नई फ़िल्म 'हैरी पॉटर एंड द हाफ़ ब्लड प्रिंस' रिकॉर्ड तोड़ कमाई कर रही है और शुरूआती दिनों में ही फ़िल्म 39 करोड़ डॉलर से ज़्यादा की कमाई कर चुकी है. साफ़ है कि हैरी पॉटर का जादू सिर चढ़कर बोल रहा है.

https://p.dw.com/p/IslN
हैरी पॉटर सीरिज़ की छठी फ़िल्म 'हैरी पॉटर एंड द हाफ़ ब्लड प्रिंस'

'हैरी पॉटर एंड द हाफ़ ब्लड प्रिंस' जब अमेरिका और कना़डा में बुधवार को रिलीज़ हुई तो पहले पांच दिनों में ही इसने करीब 16 करोड़ डॉलर की कमाई कर ली जो इस अवधि में अब तक की छठी सबसे कमाऊ फ़िल्म है. अन्य देशों में फ़िल्म के टिकटों की बिक्री से 23 करोड़ डॉलर झोली में आ चुके हैं. फ़िल्म रिलीज़ होने के पांच दिनों के भीतर होने वाली कमाई का 'स्पाइडरमैन-3' का रिक़ॉर्ड हैरी पॉटर की नई फ़िल्म ने तोड़ दिया है. हैरी पॉटर सीरिज़ की यह छठी फ़िल्म है.

Harry Potter 2009
स्पाइडरमैन-3 का रिकॉर्ड ध्वस्ततस्वीर: AP

2007 में स्पाइडरमैन ने 38 करोड़ डॉलर से ज्यादा का बिज़नेस पांच दिनों में कर लिया था जिसमें अमेरिका और कनाडा से बाहर अन्य देशों का योगदान 23 करोड़ डॉलर का था.

दो साल पहले हैरी पॉटर की पिछली फ़िल्म 'हैरी पॉटर एंड द ऑर्डर ऑफ़ द फ़िनिक्स' ने नॉर्थ अमेरिका में पहले पांच दिनों में करीब 14 करोड़ डॉलर की कमाई की थी. इस फ़िल्म से होने वाली कमाई कुल 93 करोड़ 80 लाख डॉलर थी जो अब तक की सातवीं सबसे ज़्यादा कमाऊ फ़िल्म मानी गई है.

टाइम वार्नर कंपनी के इंटरनेशनल डिस्ट्रीब्यूशन के अध्यक्ष वेरोनिका रूबिनेक ने फ़िल्म के अच्छे प्रदर्शन पर ख़ुशी ज़ाहिर की है. हालांकि एक सवाल जो सबके मन में तैर रहा है वो यह है कि क्या यह फ़िल्म 1 अरब डॉलर का आंकड़ा पार कर पाती है या नहीं. हैरी पॉटर की अब तक जितनी भी फ़िल्में रिलीज़ हुई हैं सब बेहद सफल रही हैं लेकिन यह कारनामा कर दिखाने में कोई सफल नहीं हो पाई है.

Jahresrückblick 2007 Juli Harry Potter letzes Band
जेके राउलिंग ने रचा चरित्रतस्वीर: AP

हैरी पॉटर सीरिज़ की सबसे कामयाब फ़िल्म 2001 में रिलीज़ होने वाली 'हैरी पॉटर एंड द सॉर्सर्स स्टोन' को माना गया था जिसने 97 करोड़ 50 लाख डॉलर की कमाई की थी. ताज़ा फ़िल्म को बनाने में करीब 23 करोड़ डॉलर की लागत आई जो अभी तक की छह फ़िल्मों में सबसे महंगी है.

हैरी पॉटर चरित्र को रचने वाली ब्रिटेन की लेखिका जेके राउलिंग है जिन्होंने इस श्रृंखला में सात उपन्यासों को लिखा था. इसमें हैरी पॉटर नाम के एक किशोर और उसके मित्र के कारनामे पाठकों को एक जादुई दुनिया में ले जाते हैं. इन उपन्यासों ने लोकप्रियता के सारे कीर्तिमानों को ध्वस्त किया और लोगों को ऐसे मोहपाश में बांधा कि सफलता की कहानियां अब भी रची जा रही हैं.

रिपोर्ट: एजेंसियां/एस गौड़

संपादन: ओ सिंह